स्वास्थ्य

March 27, 2020

स्वास्थ्य के बारे में सबसे सरल बात है कि आप बस शरीर का उपयोग करें। शरीर का पर्याप्त रूप से उपयोग करते हैं, तो इसके पास वो सब कुछ है जिससे यह अपने लिए अच्छे स्वास्थ्य का निर्माण कर सके।

मैं तो कहूंगा कि अगर हम अपने शरीरों का जितना संभव है उतना उपयोग करें, तो धरती की 80% बीमारियां गायब हो जाएंगी। बाकी की 20 में से 10% उन खाद्य पदार्थों के कारण होती हैं, जो लोग खाते हैं। आप उसे बदल दें तो ये 10% बीमारियां भी गायब हो जाएंगी। इसका अर्थ है कि सिर्फ 10% बीमारियां ही रह जाएंगी, जो कई कारणों से होती हैं। एक कारण तो कर्म संबंधी है, दूसरा वातावरण का है तथा कुछ और पहलू हैं जो आपकी शारीरिक व्यवस्था पर प्रभाव डालते हैं, जिन्हें हम संभाल सकते हैं। सभी बीमार लोगों में अगर 90% लोग अपने शरीर का अच्छा उपयोग कर तथा सही ढंग का खाना खा कर, उसे ठीक कर सकें तो बाकी के 10% को आराम से संभाला जा सकता है। लेकिन अभी बीमारियों की मात्रा इसलिए इतनी ज्यादा है क्योंकि हम सही ढंग से नहीं खाते, या सही ढंग से खाते हैं पर अपने शरीर का सही ढंग से उपयोग नहीं करते।

स्वास्थ्य कोई ऐसी वस्तु नहीं है जिसका आपने आविष्कार किया हो। जब जीवन प्रक्रिया सही चलती है तो वो ही स्वास्थ्य है। अगर आप जीवन को पूरी तरह से होने देंगे तो शरीर स्वस्थ ही रहेगा। अत: आप को सिर्फ  अपने शरीर का, अपने दिमाग का और अपनी ऊर्जाओं का सही उपयोग करना है। अगर ये तीन चीजें सही तरह के अभ्यास में हैं और संतुलित हैं तो आप स्वस्थ रहेंगे। मेरे साथ एक बार ऐसा हुआ। यह काफी पहले, दूसरे या तीसरे भाव स्पंदन कार्यक्रम के दौरान हुआ। मैं यह कार्यक्रम छोटी सी जगह पर कर रहा था जहां मुझे सीढ़ियों पर से अनगिनत बार ऊपर नीचे आना जाना पड़ता था क्योंकि व्यवस्था उसी तरह की थी। फिर एक दिन, जब मैं कार्यक्रम का संचालन भी कर रहा था और रसोईघर का प्रबंधन भी, मैंने गिनती की और पाया कि उस दिन मैं सीढ़ियों पर 125 बार चढ़ा-उतरा था। पर कार्यक्रम के अंत में मैं एकदम स्वस्थ था। अगर आप अचानक बहुत अधिक गतिविधि कर डालें तो आप थक सकते हैं, बीमार हो सकते हैं। पर यदि आप अपने जीवन में, अपनी गतिविधि को धीरे-धीरे बढ़ाएं तो आपका शरीर, मन और ऊर्जा संबंधी स्वास्थ्य सुधरेगा।




News In Pics