जन्म

May 26, 2020

एक जन्म में ज्ञान की यात्रा पूरी हो गई हो तो व्यक्ति पर निर्भर करता है कि वह चाहे तो एक जन्म और ले सके और चाहे तो न ले। बिल्कुल स्वतंत्रता की स्थिति है।

सच तो यह है कि वही एक जन्म स्वतंत्रता से लिया गया होता है। अन्यथा कोई जन्म स्वतंत्रता से नहीं है। चुनाव नहीं है बाकी जन्मों में। बाकी जन्म तो वासना के पाश में बहुत मजबूरी में लेने पड़े हैं। जैसे धकाए गए हैं, या खींचे गए हैं या दोनों ही बातें एक साथ हुई हैं। धकाए गए हैं पिछले कर्मो से, खींचे गए हैं आगे की आकांक्षाओं से।

तो हमारा जन्म साधारणत: बिल्कुल परतंत्र घटना है। उसमें चुनाव का मौका नहीं है। सचेतन रूप से हम चुनते नहीं कि हम जन्म लें। सचेतन रूप से सिर्फ एक ही मौका आता है चुनने का। वह तब आता है, जब  व्यक्ति स्वयं को पूरी तरह जान लेता है। वह घटना घट चुकी होती है, जिसके आगे पाने को कुछ नहीं होता। ऐसा क्षण आ जाता है जब व्यक्ति कह सकता है कि अब मेरे लिए कोई भविष्य नहीं है, क्योंकि मेरे लिए कोई वासना नहीं है। ऐसा कुछ नहीं है जो मैं न पाऊं  तो मेरी कोई पीड़ा है। यह बहुत ही शिखर का क्षण है-‘पीक।’

इस शिखर पर ही पहली दफा स्वतंत्रता मिलती है। यह मजे की बात है और जीवन के रहस्यों में से एक कि जो चाहेंगे स्वतंत्र हों, वे स्वतंत्र नहीं हो पाते हैं और जिसकी अब कोई चाह नहीं रही, वे स्वतंत्र हो जाते हैं। जो चाहते हैं यहां जन्म ले लें, वहां जन्म ले लें, उनके लिए कोई उपाय नहीं है। और जो इस स्थिति में हैं कि कहीं जन्म लेने का कोई सवाल न रहा, इस सुविधा में हैं कि चाहे तो कहीं ले लें। लेकिन यह भी एक ही जन्म के लिए संभव  है। इसलिए नहीं कि एक जन्म के बाद उसे स्वतंत्रता नहीं रह जाएगी जन्म लेने की।

स्वतंत्रता सदा होगी। लेकिन एक जन्म के बाद इसके उपयोग का भाव खो जाएगा। स्वतंत्रता मिलते ही, इस जन्म में यदि आपको घटना घट गई परम अनुभव की, तो स्वतंत्रता तो मिल गई। लेकिन जैसा सदा होता है, स्वतंत्रता मिलने के साथ ही स्वतंत्रता के उपयोग की जो भाव-दशा है, वह एकदम नहीं खो जाएगी। उसका उपयोग किया जा सकता है। जो बहुत गहरे जानते हैं, वे कहेंगे, यह भी एक बंधन है। इसलिए जैनों ने, जिन्होंने इस दिशा में सर्वाधिक गहरी खोज की- इसे तीर्थकर-गोत्रबंध नाम दिया। यह आखिरी बंधन स्वतंत्रता का बंधन है। इसका भी उपयोग कर लेने का मन है। वह भी मन ही है। इसलिए सिद्ध तो बहुत होते हैं, तीर्थहकर सभी नहीं होते।




News In Pics