नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व

October 29, 2022

राजधानी में शुक्रवारसे छठ महापर्व नहाय-खाय की पारंपरिक रस्मों के साथ शुरू हो गई।

यमुना नदी के घाटों पर वेदी बनाने का कार्य तेजी से पूरा किया जा रहा है। वैदिक विद्वानों के अनुसार सूर्य उपासना का महापर्व छठ आज नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। तृतीया तिथि दिन में 12:29 बजे, चतुर्थी तिथि, अनुराधा नक्षत्र दिन में 1:25 बजे और इसके पश्चात ज्येष्ठा नक्षत्र है। इस दिन दो सिद्धिकारी योग, रवियोग और सर्वार्थ सिद्धि योग हैं। यह संयोग बहुत दिनों बाद बना है।

छठ पूजन समिति के संयोजक एस राहुल के अनुसार नहाय-खाय के बाद जो महिलाएं व्रत रखेंगी, उन्हें नदी या तालाब में स्नान करना है। तत्पश्चात घर आकर कद्दू तथा चावल बना कर प्रसाद वितरण करेंगी। दूसरे दिन 29 अक्टूबर को चतुर्थी तिथि को 10:28 बजे के बाद पंचमी तिथि है और इसके बाद 12.05 बजे तक मूल नक्षत्र, अतिगण्ड और सुकर्मी नामक योग है। इस दिन व्रती महिलाएं उपवास करेंगी।

शाम को पूजा करने के उपरांत व्रत का पारण करेंगी। तीसरे दिन 30 अक्टूबर को पंचमी तिथि 8:15 बजे तक है। इसके पश्चात षप्ठी तिथि है। इस दिन मूल नक्षत्र दिन में 10:34 बजे तक पश्चिम पूर्वाषाढ़, सुकर्मी और सिद्धि नामक औदायिक योग है। छठ महापर्व का अंतिम और चौथा दिन 31 अक्टूबर को है। इस दिन सुबह 8:56 बजे तक पूर्वाषाढ़ और धृति योग है।

चन्द्रमा की स्थिति अपने परम मित्र गुरु की राशि धनु पर रहेगी। इस दिन व्रती ब्रह्म मुहूर्त में नई अघ्र्य सामग्री लेकर जलाशय में खड़ी होकर अरुणोदय की प्रतीक्षा करेंगी। छठ पर्व में सुरक्षा के लिए जहां जहां घाट बने हुए हैं, वहां पर प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। देर रात से ही कुछ जगहों पर बैरीकेडिंग कर दी गई थी। सुरक्षा के लिए पुलिस फोर्स भी तैनात है।


सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली

News In Pics