पंजाब चुनाव : बीजेपी में सीट शेयरिंग फार्मूला तय

January 25, 2022

आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 65 सीटों पर जबकि पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के नेतृत्व वाली पंजाब लोक कांग्रेस 37 और पूर्व केंद्रीय मंत्री सुखदेव सिंह ढींढसा नीत शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) 15 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने पार्टी मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में सोमवार को यह घोषणा की। भाजपा ने विधानसभा चुनाव में पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन किया है। पंजाब की 117 विधानसभा सीट के लिए 20 फरवरी को मतदान होना है।

नड्डा ने कहा, ‘पंजाब में एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) गठबंधन हुआ है। इसके तहत भाजपा, पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद (संयुक्त) मिलकर पंजाब विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा 65 सीटों पर, पंजाब लोक कांग्रेस 37 सीटों पर और 15 सीटों पर शिअद (संयुक्त) चुनाव लड़ेगी।’

अमरिंदर बोले, सिद्धू को मंत्री बनाने के लिए आया था पाक से मैसेज : पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने सोमवार को दावा किया कि कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू को मंत्री बनाने के लिए उनके पास पाकिस्तान से संदेश आया था।

नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पंजाब चुनाव के लिए सीटों के तालमेल की घोषणा के लिए आयोजित प्रेस कान्फ्रेंस में अमरिंदर ने कहा कि मैं पाकिस्तान की बात कर रहा हूं..पाकिस्तान से मैसेज आया कि मुझे प्राइम मिनिस्टर (पाकिस्तान के) ने एक रिक्वेस्ट भेजा है, अगर आप सिद्धू को अपनी कैबिनेट में ले सकते हैं तो मैं आपका आभारी रहूंगा.. वह मेरा पुराना दोस्त है.. और अगर वह काम नहीं करेगा तो निकाल देना।


सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली

News In Pics