रांची में अनियंत्रित बोलेरो पेड़ से टकरायी, तीन की मौत

May 25, 2022

रांची के बुढ़मू थाना क्षेत्र में एक बोलेरो के पेड़ से टकरा जाने के कारण तीन लोगों की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति बुरी तरह घायल है। हादसा बुढमू-मक्का मुख्य सड़क पर मंगलवार की देर रात हुआ।

बताया गया कि रांची जिले के सिल्ली में पंचायत चुनाव की ड्यूटी के बाद एक बोलेरो पर सवार होकर चार लोग खलारी लौट रहे थे। रात में तेज हवा और बारिश के दौरान बोलेरो चालक ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी पेड़ से जा टकरायी। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गाड़ी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी।

तीनों मृतक दो सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के कर्मी थे और खलारी के मानकी इलाके के रहनेवाले थे। इनमें नाम परमीत मुंडा, सूरज मुंडा और सावना उरांव बताये गये हैं। घायल व्यक्ति का नाम बबलू गंझू है। उसे इलाज के लिए रांची रिम्स लाया गया है। हादसे की जानकारी मिलने के बाद बुढ़ूमू थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गये हैं।


आईएएनएस
रांची

News In Pics