छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का निधन

May 29, 2020

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी का शुक्रवार को निधन हो गया। उनकी हालत बीते कुछ दिनों से गंभीर बनी हुई थी।

उन्होंने रायपुर के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली।

बीते 9 मई को दिल का दौरा पड़ने के बाद उन्हें रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को भी उन्हें दिल का दौरा पड़ा था, जिसके बाद उनकी हालत ज्यादा गंभीर हो गई थी।

अजीत जोगी के बेटे अमित जोगी ने ट्वीट कर पूर्व मुख्यमंत्री की मौत की खबर की पुष्टि की।

अजीत जोगी ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएएस) की नौकरी छोड़कर राजनीति में प्रवेश किया था और इस समय वह मरवाही क्षेत्र से विधायक थे।

जोगी छत्तीसगढ़ के पहले मुख्यमंत्री तब बने जब नवंबर 2000 में राज्य का गठन किया गया। उन्होंने नवंबर 2003 तक राज्य में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व किया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 2003 में विधानसभा के पहले चुनाव में कांग्रेस को हराया। कांग्रेस नेताओं के साथ मतभेदों के कारण 2016 में जोगी ने जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) का गठन किया और इसके प्रमुख बने।

15 साल राज्य में भाजपा की सरकार रही, उस दौरान वह विपक्ष के मुखर चेहरा रहे। साल 2018 में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद वह राजनीतिक रूप से अलग-थलग रहे।


समयलाइव डेस्क/आईएएनएस
रायपुर

News In Pics