गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर बुक कैब सलमान के घर पहुंची, मुंबई पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

April 20, 2024

जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर कैब बुक करने और उसे यहां बांद्रा इलाके में बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के आवास पर भेजने के आरोप में गाजियाबाद के रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी रोहित त्यागी को उसके गृहनगर से पकड़ा गया। त्यागी के मुताबिक उसने प्रैंक करने के लिए ऐसा किया था।

पुलिस ने बताया कि बुधवार को त्यागी ने कथित तौर पर सलमान खान के आवास गैलेक्सी अपार्टमेंट से बांद्रा पुलिस थाना तक की यात्रा के लिए एक कैब ऑनलाइन बुक की, जब कैब चालक उस पते पर पहुंचा तो उसे एहसास हुआ कि यह एक प्रैंक था और उसने मामले में शिकायत दर्ज कराई।

बांद्रा पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए मामला दर्ज किया और त्यागी का पता लगाया। उसने त्यागी को आईपीसी की धारा 505 और 290 के तहत गिरफ्तार कर लिया। एक अदालत ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

बिश्नोई गत रविवार को एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति द्वारा सलमान खान के आवास के बाहर गोलीबारी की घटना के बाद सुर्खियों में आया।

 


भाषा
मुंबई

News In Pics