Turkey-Syria Earthquake: भूकंप से तुर्की और सीरिया में भारी तबाही, विदशों से भेजी जा रही सहायता

February 7, 2023

तुर्किये और सीरिया के भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में मदद के लिए भारत सहित कई देशों की सरकारें और सहायता समूह अपने बचाव कर्मी, वित्तीय मदद और उपकरण वहां भेज रहे हैं।

भारत : राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की तलाश एवं बचाव दल और विशेष रूप से प्रशिक्षित खोजी कुत्तों के दस्ते के साथ भारत की मानवीय सहायता और आपदा राहत सामग्री का पहला जत्था तुर्किये रवाना किया गया। प्रशिक्षित चिकित्सकों और पैरामेडिक का एक दल भी आवश्यक दवाओं के साथ तुर्किये भेजे जाएगा।

समाचार एजेंसी शिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार यूरोपीय आयोग ने सोमवार को कहा कि बुल्गारिया, क्रोएशिया, चेक गणराज्य, फ्रांस, ग्रीस, हंगरी, इटली, नीदरलैंड, पोलैंड और रोमानिया की टीमों को भूकंप प्रभावित क्षेत्रों में भेजा गया है। यूरोपीय संघ के संकट प्रबंधन आयुक्त जेनेज लेनार्सिक ने कहा, अभी बहुत लोग मलबे के नीचे फंसे हुए हैं, जब तक आवश्यक होगा, बचाव दल काम करना जारी रखेगा।

अन्य यूरोपीय देशों ने रसद, भूकंपीय विशेषज्ञता और उपकरणों के साथ-साथ आपदा से विस्थापित हुए लोगों को आश्रय देने में मदद की पेशकश की है।

यूरोपीय संघ के नेताओं ने भूकंप से प्रभावित लोगों के साथ एकजुटता व्यक्त की है।

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन ने कहा कि फ्रांस पीड़ितों को आपातकालीन सहायता प्रदान करने के लिए तैयार है।

इटली के प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने कहा कि वह तुर्की और सीरिया में स्थिति की बारीकी से निगरानी कर रही हैं। उन्होंने प्रभावितों के साथ एकजुटता व्यक्त की।

जर्मन चांसलर ओलाफ शोल्ज ने कहा कि जर्मनी इस त्रासदी में मारे गए लोगों के प्रति शोक शंतप्त है।

ग्रीस के प्रधान मंत्री किरियाकोस मित्सोताकिस ने कहा कि त्रासदी बहुत हृदयविदारक है।

भारत और अमेरिका ने भी अपनी सहानुभूति और समर्थन व्यक्त किया है और मदद भेजने की पेशकश की है।

इटली और ग्रीस दोनों ने भूकंप के कारण होने वाली संभावित सूनामी की आशंका से एहतियात के तौर पर कुछ तटीय क्षेत्रों को अस्थायी रूप से बंद कर दिया।

अमेरिका : खोज एवं बचाव अभियान में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के सदस्य तुर्किये की मदद के लिए कैलिफोर्निया में लॉस एंजिलिस काउंटी के लगभग 100 दमकल कर्मियों और इंजीनियरों को विशेष रूप से प्रशिक्षित आधा दर्जन खोजी कुत्तों के साथ अंकारा रवाना किया।

-रूस : सीरिया में तैनात रूसी सैनिकों ने 300 जवानों से लैस दस टुकड़ियों को मलबा हटाने और उसमें दबे जिंदा लोगों की तलाश करने के लिए भेजा। रूसी आपातकालीन मंत्रालय के बचाव दल भी सीरिया की उड़ान भरने को तैयार हैं। मानवीय सहायता के वितरण के लिए विभिन्न केंद्र स्थापित करने की योजना। तुर्किये को भी मदद की पेशकश की।

-इजराइल : 150 इंजीनियरों, चिकित्सा कर्मियों और अन्य सहायता कर्मियों से लैस एक खोज एवं बचाव दल तुर्किये रवाना कर रहा। प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने सीरिया के लिए मानवीय सहायता भेजने के आग्रह को भी स्वीकार कर लिया है।

-यूनान : एक सैन्य विमान के जरिये 21 बचावकर्मियों, दो खोजी कुत्तों, एक विशेष बचाव वाहन, एक विशेषज्ञ इंजीनियर, पांच चिकित्सकों और भूकंपीय योजना विशेषज्ञों को तुर्किये भेजा।

-जर्मनी : तुर्किये को आपातकालीन जनरेटर, टेंट, कंबल और जल शोधन उपकरणों की आपूर्ति करने की तैयारियों में जुटा। दर्जनों चिकित्सकों और बचाव विशेषज्ञों को भी भेजने की योजना।

-ब्रिटेन : ब्रिटेन बचाव उपकरणों और खोजी कुत्तों के साथ 76 तलाश एवं बचाव विशेषज्ञों की टीम और आपातकालीन चिकित्सा दल को तुर्की भेज रहा। सीरिया में पीड़ितों की मदद के लिए संयुक्त राष्ट्र के संपर्क में है।

-लेबनान : बचाव अभियान में मदद के लिए सैनिक, रेड क्रॉस और सिविल डिफेंस के कर्मियों और दमकल कर्मियों को तुर्किये भेज रहा।

-जॉर्डन : शाह अब्दुल्ला द्वितीय के आदेश पर सीरिया और तुर्किये को आपातकालीन सहायता मुहैया करा रहा।

-मिस्र : तुर्किये को आपात मानवीय सहायता भेजने की घोषणा की।

-स्विट्जरलैंड : स्विस बचाव श्वान सेवा ‘रेडॉग’ ने अपने 22 कर्मियों को 14 कुत्तों के साथ तुर्किये रवाना किया। सेना के आपदा विशेषज्ञों के साथ 80 तलाश एवं बचाव कर्मियों को भी तुर्किये भेजेगा।

-चेक गणराज्य : 68 बचावकर्मियों की टीम भेजी, जिसमें दमकल कर्मी, चिकित्सक और इंजीनियर शामिल हैं। खोजी कुत्ते भी रवाना करेगा।

-जापान : 75 बचाव कर्मी भेज रहा है।

-मेक्सिको : विदेश मामलों के सचिव ने कहा कि तुर्किये को मेक्सिको बचाव उपकरण और कर्मी भेजेगा।

-ऑस्ट्रिया : सैन्य आपदा राहत इकाई के 84 जवानों को भेजने की पेशकश की।

-स्पेन : स्पेन 85 कर्मियों और स्वयंसेवी अग्निशामकों की एक टुकड़ी के साथ तुर्की में दो शहरी खोज एवं बचाव दल भेजने की तैयारी कर रहा।

-इटली : नागरिक सुरक्षा एजेंसी ने तुर्किये की मदद की पेशकश की। विमानों के जरिये उपकरण और चिकित्सा कर्मी सहित अन्य आपात कर्मी भेजेगा।

-फ्रांस : बचाव दलों को तुर्किये रवाना किया।

-पोलैंड : उपकरणों के साथ 76 दमकल कर्मियों और आठ प्रशिक्षित कुत्तों को तुर्किये भेज रहा।

-रोमानिया : दो सैन्य विमानों से विशेष कर्मियों और राहत सामग्री को तुर्किये रवाना किया।

-क्रोएशिया : तुर्किये की मदद के लिए 40 आपात कर्मी, 10 कुत्ते, बचाव उपकरण और वाहन भेजे।

-न्यूजीलैंड : भोजन, टेंट और कंबल सहित अन्य राहत सामग्री की आपूर्ति के साथ-साथ चिकित्सा एवं मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने में मदद के लिए टर्किश रेड क्रीसेंट को 6,32,000 डॉलर और सीरियन अरब रेड क्रीसेंट को 3,16,000 डॉलर की सहायता दी।

-चीन : चीन की रेड क्रॉस सोसायटी ने नकद मानवीय सहायता के रूप में टर्किश रेड क्रीसेंट और सीरियन अरब रेड क्रीसेंट को दो-दो लाख डॉलर उपलब्ध करा रहा।

ये देश भी कर रहे मदद

-सर्बिया ने 21 बचाव कर्मी और तीन संपर्क अधिकारी, मोंटेनेग्रो ने कम से कम 24 दमकल कर्मी और मोल्डोवा ने 55 बचाव कर्मियों को तुर्किये रवाना किया।

तुर्की-सीरिया भूकंप में मरने वालों की संख्या पहुंची 3,500 से ऊपर
तुर्की-सीरिया में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या 3,500 से अधिक हो गई है। तुर्की में 2,370 और सीरिया में 1,444 से अधिक लोग मारे गए। हजारों लोग घायल हुए। दोनों देशों में भारी नुकसान हुआ। इसमें ईंधन पाइपलाइनों और तेल रिफाइनरियों में आग भी शामिल है।

दोनों देशों की सीमा पर सोमवार तड़के रिक्टर पैमाने पर 7.8 तीव्रता का भूकंप आया। बचाव दल जैसे ही ढही इमारतों के मलबे के नीचे से फंसे लोगों को निकालने और प्रभावितों के लिए आश्रय की व्यवस्था करने में जुटा, वैसे ही एक और भूकंप का एक और झटका आया। इसकी तीव्रता 7.5 थी। इससे क्षेत्र को हिला दिया।

तुर्की के उप राष्ट्रपति फुआत ओकटे के अनुसार उनके देश में मरने वालों की संख्या बढ़कर 2,379 हो गई है, जबकि दो भूकंपों के बाद 14,483 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
 


आईएएनएस/ भाषा
रोम

News In Pics