
चिलचिलाती गर्मी का मौसम है। ऐसे में सेहत को बनाए रखने के लिए प्रकृति ने हमें एक बहुत ही लाभकारी फल दिया है जिसका नाम है जामुन। यह फल जितना रसीला होता है उतना ही सेहत के लिए बेहत फायदेमंद होता है।
बता दें कि आयुर्वेद में इसका विशेष महत्व है। पाचन तंत्र को मजबूत करने और शरीर को डिटॉक्स करने में जामुन बहुत मदद करता है।
विशेष जानकारी के लिए आपको बता दें कि जामुन के पौधे को पहली बार भारतीय उपमहाद्वीप में उगाया गया। इसका जिक्र पौराणिक कहानियों में भी मिलता है। आयुर्वेद में जामुन को एक विशेष स्थान दिया गया है।
इस फल की खास बात यह है कि फल के साथ-साथ इसकी पत्तियों का भी उपयोग विभिन्न आयुर्वेदिक दवाएं बनाने में भी किया जाता है।
ग्लूकोज और फ्रक्टोज
जामुन का वैज्ञानिक नाम सिजीगियम क्यूमिनी है। यह बेहद स्वादिष्ट होता है और इसे आमतौर पर नमक के साथ खाया जाता है। इस फल में ग्लूकोज और फ्रक्टोज दो मुख्य स्रोत होते हैं। इसके अलावा, यह अन्य फलों की तुलना में कम कैलोरी प्रदान करता है।
इन बीमारियों को कंट्रोल करता है जामुन
जामुन को डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे जैसी समस्याओं के इलाज में खास तौर पर इस्तेमाल किया जाता है। इसी वजह से जामुन मेटाबॉलिक सिंड्रोम नाम की स्थिति में भी फायदेमंद हो सकता है।
बताते हैं कि जामुन में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, जो पाचन में सहायता करता है और कब्ज, सूजन और एसिडिटी जैसी समस्याओं को रोकता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ रखने और झुर्रियों को कम करने में मदद करते हैं। साथ ही इसमें कैल्शियम, मैग्नीशियम और फॉस्फोरस होता है, जो हड्डियों को मजबूत करता है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस और हड्डियों के कमजोर होने का खतरा कम होता है।
जामुन की गुठलियां हैं वरदान
इसकी एक और खास बात यह है कि इसकी गुठलियां भी किसी वरदान से कम नहीं। बड़े बुजुर्ग अक्सर गुठलियों को न फेंकने की सलाह देते रहे हैं। गुठलियों को फेंकने की बजाय किसी साफ बर्तन में इकट्ठा कर उसे धूप में सुखाने के बाद इसका चूर्ण बना कर सेवन करने वाले शुगर के मरीजों को काफी राहत पहुंचती है। इसके चूर्ण का सेवन करने से ब्लड प्रेशर को नियंत्रण में मदद मिलती है और शरीर भी डिटॉक्स होता है। स्वस्थ रहने के लिए शरीर को समय-समय पर डिटॉक्स करना बहुत जरूरी होता है। प्रतिदिन जामुन के बीजों के चूर्ण के इस्तेमाल से शरीर को डिटॉक्स किया जा सकता है। इसके सेवन से शरीर में जमा गंदगी बाहर निकल जाती है।
समयलाइव डेस्क/सुरेन्द्र देशवाल नई दिल्ली |
Tweet