India Paksitan Conflict Live: उरी, गुरेज सेक्टर में LoC पर संघर्ष विराम का उल्लंघन; सेना ने दुश्मन को दिया करारा जवाब

May 10, 2025

22 अप्रैल को जम्मू के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का बदला लेने के लिए भारत द्वारा चलाए जा रहे ‘आपरेशन सिंदूर’ से पाकिस्तान बौखला गया है। आज सुबह शनिवार को एक बार फिर पाकिस्तान ने भारत पर हमला करने की कोशिश की है, जिसे भारत की तरफ से नाकाम कर दिया गया।

पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के उरी और गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले में उरी सेक्टर के चरुंडा और हथलंगा इलाकों को निशाना बनाया।

अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले में गुरेज सेक्टर के बागटोर इलाके में भी संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
 

इससे पहले पाकिस्तान ने शुकवार को लगातार दूसरी रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ताजा ड्रोन हमले किए तथा रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुश्मन द्वारा हवाई अड्डों और वायुसेना ठिकानों सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर किए गए हमलों को विफल कर दिया गया।

पंजाब के फिरोजपुर में एक परिवार के कुछ सदस्य रात के अंधेरे में किए गए हमलों में घायल हो गये। हमलों में घायल हो जाने का यह केवल एक मामला रहा। पाकिस्तान से लगी सीमा वाले सभी राज्यों में ब्लैकआउट रखा गया।

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और उस पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है तथा घबराने का कोई कारण नही है।

 


समय लाइव डेस्क/एजेंसियां
नई दिल्ली

  • 14:53 : हिमाचल प्रदेश: पंजाब के पठानकोट के पास स्थित कांगड़ा जिले के डमताल गांव में एक प्रोजेक्टाइल का मलबा मिला है। पुलिस ने कहा, "हमने क्षेत्र को सुरक्षित कर लिया है।
  • 14:49 : जम्मू-कश्मीर के नौशेरा इलाके के एक गांव में तुर्की का कामिकेज़ ड्रोन बरामद हुआ। पाकिस्तान नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है।
  • 14:48 : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, NSA अजीत डोभाल, CDS और तीनों सेनाओं के प्रमुखों के साथ 7, LKM में बैठक की।
  • 14:48 : जम्मू के बिश्नाह के रेहल और सेदगढ़ गांवों से मिसाइल के हिस्से और टुकड़े बरामद किए गए।
  • 13:54 : भारत एवं पाकिस्तान के मध्य बढ़ते तनाव के बीच, अमेरिका ने भविष्य में विवादों से बचने के लिए ‘‘सार्थक वार्ता’’ शुरू करने में ‘‘सहयोग’’ की पेशकश करते हुए कहा कि दोनों पड़ोसी देशों को तनाव कम करने और सीधा संवाद बहाल करने के तरीके तलाशने की जरूरत है।
  • 13:52 : जोधपुर: कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने कहा, "भारत और पाकिस्तान की स्थिति के क्रम में आज सुबह हमें रेड अलर्ट के दिशा-निर्देश प्राप्त हुए थे, जिसके चलते एयर रेड के सायरन बजाए गए थे। मैं सभी लोगों से अपील करता हूं कि सभी अपने सुरक्षित स्थानों पर रहें
  • 13:51 : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा करने के लिए पूर्णिया के कलेक्ट्रेट में बांग्लादेश और नेपाल सीमा से सटे जिलों के शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की।
  • 13:31 : भगवंत मान ने कहा, मैं सभी से आग्रह करता हूं कि घबराएं नहीं और न ही अफवाहों पर विश्वास करें। सेना हर 2 घंटे में आपको अपडेट कर रही है...अगर आपको किसी बम, ड्रोन या मिसाइल का कोई हिस्सा मिलता है, तो तुरंत पुलिस या सेना को सूचित करें।
  • 13:31 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, "सेना ने एडवाइजरी दी है कि अगर कोई विस्फोट होता है, तो तुरंत पुलिस या सेना को सूचित करें। खुद से उस स्थान पर न जाएं क्योंकि वहां (वस्तु के) कुछ जीवित हिस्से भी हो सकते हैं...
  • 13:17 : भारत-पाक तनाव पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, "हम तैयार हैं। मॉक ड्रिल भी की गई हैं। जो भी निर्देश दिए जाएंगे, उसका पालन करेंगे। प्रदेश पूरी तरह से हर स्थिति के लिए तैयार है..."
  • 13:17 : राजस्थान: बाड़मेर में पुलिस ने मिसाइल का मलबा बरामद किया। जैसलमेर और पोखरण से भी इसी तरह के टुकड़े और मलबा बरामद किया गया है।
  • 13:16 : जयपुर (राजस्थान): राजस्थान में भारत-पाकिस्तान सीमा पर तनाव के बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सर्वदलीय बैठक बुलाई।
  • 13:16 : जैसलमेर में लोगों से घरों में रहने की अपील करते हुए घोषणाएं की जा रही हैं।...सब कुछ बंद रहेगा। मौजूदा हालात को देखते हुए सभी से घर पर रहने की अपेक्षा की जाती है और वाहनों का आवागमन बंद रहेगा।
  • 13:13 : पाकिस्तानी सैनिकों ने शनिवार को जम्मू कश्मीर के उरी और गुरेज सेक्टर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।
  • 12:40 : श्रीनगर के पुराने हवाई क्षेत्र में वायु रक्षा प्रणाली ने शनिवार को एक ड्रोन को मार गिराया गया, जबकि शहर में भीषण विस्फोट हुए हैं। दोपहर के समय श्रीनगर हवाई अड्डे के पास दो भीषण विस्फोट की आवाज सुनी गई।
  • 12:37 : भारत और पाकिस्तान के मध्य सैन्य संघर्ष के बीच हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में चिंतपूर्णी मंदिर के पास एक गांव में मिसाइल के पुर्जों जैसी, धातु की एक संदिग्ध वस्तु मिली है।यह गांव पंजाब से सटा हुआ है। किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
  • 12:31 : हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने कहा, "अंबाला छावनी की जनता काफी समझदार है। हमने 2 युद्ध झेले हैं। अंबाला की जनता जागरूक है। फिर भी मैं कहना चाहूंगा कि सायरन बजते ही हर तरह की लाइट बंद कर दें...
  • 12:22 : दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान परिचालन फिलहाल सामान्य है लेकिन भारत एवं पाकिस्तान के बीच जारी सैन्य संघर्ष के कारण हवाई क्षेत्र में बदलती परिस्थितियों के कारण कुछ उड़ानें प्रभावित हो सकती हैं।
  • 12:10 : जम्मू कश्मीर के श्रीनगर में शनिवार की सुबह जोरदार धमाकों की आवाज के बाद यहां के प्रमुख पर्यटक आकर्षण डल झील के अंदर एक मिसाइल जैसी वस्तु गिरी।
  • 11:52 : चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा अपील के बाद सिविल डिफेंस वॉलंटियर के लिए युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी।
  • 11:41 : भारत और पाकिस्तान के मध्य जारी सैन्य संघर्ष के बीच, गुजरात के कच्छ में प्रशासन ने शनिवार को एक परामर्श जारी कर नागरिकों से घरों के अंदर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने को कहा।
  • 11:39 : दिल्ली: CDS जनरल अनिल चौहान, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के आवास से रवाना हुए। CDS ने रक्षा मंत्री को जानकारी दी।
  • 11:31 : विंग कमांडर ने कहा, पाक ने लगातार दुर्भावनापूर्ण गलत सूचना अभियान चलाने का प्रयास किया है, जिसमें भारतीय एस-400 प्रणाली को नष्ट करने, सूरतगढ़ और सिरसा में एयरफील्ड को नष्ट करने का दावा किया गया है...भारत पाक द्वारा फैलाए जा रहे इन झूठे दावों खारिज करता है
  • 11:30 : विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा, "एक त्वरित और सुनियोजित प्रतिक्रिया में भारतीय सशस्त्र बलों ने केवल चिन्हित सैन्य लक्ष्यों पर सटीक हमला किया...
  • 11:29 : कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया- चिंता का विषय यह रहा कि पाकिस्तान ने लाहौर से उड़ान भरने वाले नागरिक विमानों की आड़ लेकर अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों का दुरुपयोग किया ताकि वो अपनी गतिविधियां छिपा सकें..."
  • 11:29 : अंतरराष्ट्रीय सीमा और LoC पर 26 से अधिक स्थानों पर हवाई घुसपैठ के प्रयास किए गए। भारतीय सशस्त्र बलों ने अधिकांश खतरों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया...पाकिस्तान ने पंजाब के एयरबेस को निशाना बनाने के लिए रात 1:40 बजे हाई-स्पीड मिसाइलों का इस्तेमाल किया...
  • 11:29 : कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया, "पाकिस्तानी सेना ने पश्चिमी सीमाओं पर लगातार आक्रमक गतिविधियां जारी रखी हैं। उसने ड्रोन, लंबी दूरी के हथियार, युद्धक हथियार और लड़ाकू विमानों का उपयोग कर भारतीय सैन्य ढांचे को निशाना बनाया...
  • 11:27 : विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, "आज सुबह पाकिस्तान ने राजौरी शहर पर गोलाबारी की, जिसमें अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई, जिससे राज्य में नागरिक हताहतों की संख्या और क्षति बढ़ गई..."
  • 11:15 : राजस्थान के सीमावर्ती जिलों श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ व चुरू में शनिवार सुबह प्रशासन ने ‘रेड अलर्ट’ घोषित किया और लोगों से अपील की कि वे घबराए नहीं और घरों में रहें। हालांकि, बाद में लगभग दस बजे प्रशासन ने ‘ग्रीन अलर्ट’ की घोषणा की।
  • 11:13 : पाकिस्तानी दुष्प्रचार के दावों को खारिज करते हुए भारत ने भारतीय वायु सेना के ठिकानों की तस्वीरें दिखाईं जहां कोई क्षति नहीं पहुंची है।
  • 11:04 : विदेश सचिव ने कहा, "मैंने पहले भी कई मौकों पर कहा है कि पाकिस्तान की कार्रवाइयां उकसावे और तनाव बढ़ाने वाली हैं। जवाब में भारत ने पाकिस्तान की ओर से की गई इन उकसावे और तनाव बढ़ाने वाली कार्रवाइयों का जिम्मेदाराना और संतुलित तरीके से बचाव किया।
  • 11:02 : कर्नल सोफिया कुरैशी ने कहा कि पाकिस्तान ने पूरे बॉर्डर पर आक्रामक गतिविधियों को जारी रखा। ड्रोन और फाइटर जेट का इस्तेमाल। कई एयरफोर्स बेस को नुकसान। भारत ने जवाबी हमले किए।
  • 11:01 : विदेश सचिव ने कहा कि पाकिस्तान की गतिविधि उकसाने वाली और एस्केलेट करने वाली है। आज सुबह भी यही हु़आ। भारत ने उन्हें करारा जवाब दिया है।
  • 11:00 : मंत्रालय ने अब तक की सैन्य और कूटनीतिक कार्रवाईयों की जानकारी साझा की है, और यह स्पष्ट कर दिया है कि भारत किसी भी नापाक हरकत का करारा जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार और सक्षम है।
  • 11:00 : भारत और पाकिस्तान के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच अब भारतीय विदेश मंत्रालय (MEA) की ओर से महत्वपूर्ण प्रेस ब्रीफिंग की गई।
  • 10:36 : राजस्थान: बाड़मेर जिला कलेक्टर टीना डाबी ने कहा, "सभी को अपने घर जाने का निर्देश दिया गया है। जिले में हाई रेड अलर्ट है। बाजार या सार्वजनिक स्थानों पर न जाएं।"
  • 10:36 : पंजाब: मानसा के एक गांव में एक प्रोजेक्टाइल के टुकड़े बरामद किए गए हैं।
  • 10:24 : राजस्थान: कल रात पाकिस्तान द्वारा किए गए हमलों के बाद पोखरण में एक बड़े मिसाइल के टुकड़े मिले हैं।
  • 10:24 : भारतीय महिला वायुसेना पायलट को पाकिस्तान में नहीं पकड़ा गया है। पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया हैंडल दावा कर रहे हैं कि भारतीय महिला वायुसेना पायलट स्क्वाड्रन लीडर शिवानी सिंह को पाकिस्तान में पकड़ लिया गया है। यह दावा फर्जी है!: PIB फैक्ट चेक
  • 10:19 : इंडियन आर्मी, नेवी और एयरफोर्स तीनों सेनाओं के प्रमुख दिल्ली स्थित रक्षा मंत्रालय पहुंच गए हैं। थोड़ी देर बाद केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ सेना प्रमुखों की मीटिंग होगी। वहीं, आज 10.30 बजे विदेश मंत्रालय की तरफ से प्रेस कॉन्फ्रेंस भी की जाएगी।
  • 10:18 : पाकिस्तान ने बिना किसी उकसावे के जम्मू सेक्टर में BSF चौकियों पर गोलीबारी की। BSF ने उचित तरीके से जवाब दिया है, जिससे अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान रेंजर्स की चौकियों और संपत्तियों को व्यापक नुकसान पहुंचा है।
  • 10:16 : अखनूर क्षेत्र के सामने पाकिस्तान के सियालकोट जिले के लूनी में आतंकवादी लॉन्च पैड को BSF ने पूरी तरह से नष्ट कर दिया।
  • 10:16 : पंजाब: जालंधर ग्रामीण के एक गांव के खेत में मिसाइल के हिस्से मिले। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं।
  • 10:16 : गुजरात के कच्छ सेक्टर में एल-70 एयर डिफेंस गन का इस्तेमाल कर भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सेना के एक हथियारबंद ड्रोन को सफलतापूर्वक मार गिराया: रक्षा अधिकारी
  • 10:16 : जम्मू: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला आप शंभू मंदिर पहुंचे, जहां पाकिस्तान द्वारा नागरिक क्षेत्रों को निशाना बनाकर हमला किया गया था।
  • 10:16 : Indian Army ने पाकिस्तानी चौकियां और आतंकी लॉन्च पैड किए नष्ट
News In Pics