11 दिना 31 मर्डर... राहुल गांधी का नीतिश सरकार पर हमला, कहा- बिहार बना ‘क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया’, CM कुर्सी बचा रहे हैं

July 14, 2025

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार में अपराध की कई हालिया घटनाओं को लेकर सोमवार को आरोप लगाया कि यह प्रदेश ‘‘ क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया ’’ बन गया है तथा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपनी कुर्सी बचा रहे हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कोटे के मंत्री ‘ कमीशन ’ कमा रहे हैं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि इस बार सिर्फ सरकार बदलने का नहीं , बिहार बचाने का चुनाव है।

उन्होंने एक खबर का हवाला दिया जिसमें कहा गया है कि बिहार में 11 दिनों में 31 हत्याएं हुई हैं।

कांग्रेस नेता ने ‘ एक्स ’ पर पोस्ट किया , ‘‘ बिहार बना ‘ क्राइम कैपिटल ऑफ इंडिया ’ - हर गली में डर , हर घर में बेचैनी। बेरोज़गार युवाओं को हत्यारा बना रहा है गुंडाराज। ’’

राहुल गांधी ने आरोप लगाया , ‘‘ मुख्यमंत्री कुर्सी बचा रहे हैं , भाजपा के मंत्री कमीशन कमा रहे हैं। ’’ उन्होंने पुरजोर शब्दों में कहा, ‘‘ मैं फिर दोहरा रहा हूं कि इस बार वोट सिर्फ सरकार बदलने का नहीं , बिहार को बचाने का है। ’’

 

बता दें कि बिहार के बेगूसराय जिले में सोमवार सुबह अज्ञात हमलावरों की गोलीबारी में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में की गई है जबकि घायल युवक का नाम प्रिंस कुमार (24) बताया गया है।

इससे एक दिन पहले ही पटना और सारण जिलों में अलग-अलग घटनाओं में एक वकील और एक शिक्षक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

 


भाषा
नई दिल्ली

News In Pics