देश की सम्पत्ति लूटना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है कांग्रेस, मोदी बोले अब ‘इंडिया गठबंधन’ की नजर माताओं के मंगलसूत्र पर

April 23, 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश की संपत्ति को लूटने को अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझने वाली कांग्रेस की नजर अब महिलाओं के मंगलसूत्र पर है।

अलीगढ़ और हाथरस लोकसभा सीटों से भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने पहुंचे मोदी ने सोमवार को कहा कांग्रेस और इंडी गठबंधन की नजर अब आपकी कमाई पर है और आपकी संपत्ति पर है। कांग्रेस के शहजादे (राहुल गांधी) का कहना है कि उनकी सरकार आई तो कौन कितना कमाता है, किसके पास कितनी प्रॉपर्टी, धन, मकान है उसकी जांच कराएंगे। इतना ही नहीं इन संपत्तियों को सरकार अपने कब्जे में लेकर सबको बांट देगी। ये उनका मेनीफेस्टो कह रहा है।

हमारी माताओं बहनों के पास सोना होता है। उन्होने कहा, ये अवसरों पर सिर्फ शरीर पर पहन के प्रभाव पैदा करने के लिए नहीं होता है। कितना ही कम क्यों न हो, वह स्त्री धन होता है, पवित्र होता है, कानून भी इनकी रक्षा करता है। अब इनकी नजर कानून बदलकर हमारी माताओं बहनों की संपत्ति छीनने पर है। मंगलसूत्र पर भी उनकी नजर है। ये माओवादी और कम्युनिस्टों की सोच है। ऐसा करके कितने ही देश को बर्बाद कर चुके हैं। इसे इंडी गठबंधन भारत में लागू करना चाहती है। देश की संपत्ति को लूटना कांग्रेस अपना जन्मसिद्ध अधिकार समझती है।  

 प्रधानमंत्री ने कहा कि अलीगढ़ की जनता ने कांग्रेस और सपा के परिवारवाद, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की फैक्ट्री में ऐसा मजबूत ताला लगा दिया है, कि दोनों शहजादों को इसकी चाबी नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा अपने अच्छे भविष्य और विकसित भारत की चाबी भी आपके ही पास है।

उन्होने आह्वान किया कि अब देश को गरीबी, भ्रष्टाचार और परिवारवादी राजनीति से पूरी तरह से मुक्त कराने का समय आ गया है। उन्होंने अलीगढ़ से सतीश गौतम और हाथरस से अनूप वाल्मीकि को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की और कहा, आप भले अपना वोट बीजेपी प्रत्याशियों को देंगे, वो वोट सीधे मुझे मिलेगा। मैं आपसे मोदी के लिए वोट मांगने आया हूं। प्रधानमंत्री ने पहले मतदान, फिर जलपान की अपील करते हुए कहा कि तमाम कामों से बड़ा देश है और आपका एक एक वोट बहुत ही महत्वपूर्ण है।

मोदी ने कहा कि पहले आए दिन बॉर्डर पर बम गोले चलते और हमारे वीर सैनिक शहीद होते थे। उन्होंने पाकिस्तान का नाम लिये बगैर कहा कि आज उनके सारे तोप, बंदूक और बारूद बिक गये हैं। उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था की चर्चा करते हुए उन्होने कहा कि पहले अलीगढ़ में आए दिन कर्फ्यू लगता था, अगल बगल के लोगों को अलीगढ़ आना होता था तो फोन करके पूछते थे। दंगे वाले इलाकों में शादी ब्याह नहीं करते थे।

दंगे, हत्या, गैंगवार, फिरौती सपा सरकार का ट्रेड मार्क था, उनकी पहचान थी। उनकी राजनीति इसी सब से चलती थी। हमारी एक समय था जब हमारी बहन बेटियां घर से बाहर नहीं निकल पाती थीं। कांग्रेस-सपा पर निशाना साधते हुए उन्होने कहा कि इन पार्टियों ने हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की और मुसलमानों के राजनीतिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए कभी कुछ नहीं किया। जब वे पसमांदा मुसलमानों की मुसीबत की चर्चा करते हैं तो विपक्षियों के बाल खड़े हो जाते हैं। इन ऊपर के लोगों ने मलाई खाई और पसमांदा मुसलमानों को उनके हाल पर जीने के लिए मजबूर कर दिया।


समय लाइव डेस्क
अलीगढ़

News In Pics