Delhi Lok Sabha Election 2024: अरविंदर लवली ने कहा, BJP छोड़ने के बजाए राजनीति छोड़ देंगे

May 9, 2024

Delhi Lok Sabha Election 2024: भाजपा में अभी हाल ही में शामिल हुए दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने भाजपा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए कहा है कि वह भाजपा छोड़ने के बजाए राजनीति छोड़ देंगे।

एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 में गुस्से में कांग्रेस छोड़कर आए थे, इस बार उन्होंने ठंडे दिमाग से पार्टी को छोड़ने को निर्णय लिया है। यह बात उन्होंने पत्रकारों से बात करते हुए कही। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, विधायक विजेंद्र गुप्ता, जय प्रकाश, लवली  के साथ भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान, नसीब सिंह, अमित मलिक समेत अन्य नेता भी थे।

दरअसल प्रदेश अध्यक्ष की अगुवाई में मीडिया के साथ लंच पर इस चर्चा का आयोजन किया गया था। खास बात यह  है कि भाजपा ने दिल्ली में स्टार प्रचारकों की जो सूची जारी की है, उसमें अरविंदर सिंह लवली का भी नाम है। भाजपा अरविंदर सिंह लवली को लेकर सिख समुदाय में अपनी पैठ बना सकती है।

पत्रकारों के सवालों के जवाब में उन्होंने कहा कि किसी भी पार्टी में कार्यकर्ता की अहम भूमिका होती है। पार्टी जो भी निर्देश देगी, वह उस भूमिका को निभाएंगे और पार्टी के लिए प्रचार करेंगे। उन्होंने यह भी संकेत दिए हैं कि कांग्रेस के कुछ नेता जल्द ही भाजपा में शामिल हो सकते हैं। सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कई बार बहू को नए घर में एडजस्ट करने में दिक्कत होती है। वह खुद को मिस फिट मानकर कांग्रेस में लौट गए थे।

उन्होंने माना कि वह कुछ नेताओं से मतभेद होने की वजह से भाजपा छोड़ गए थे, लेकिन इस बार वह मन बनाकर भाजपा में शामिल हुए हैं और भाजपा के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की पहले देशभक्ति की विचारधारा थी, जो अब भाजपा में दिखती है। एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि इसके लिए कोई भी समय होता, सवाल उठना स्वाभाविक था।

पार्टी उनका जहां भी इस्तेमाल करेंगी, वह काम करेंगे। पार्टी नेतृत्व अनुमति देगा, तो उनके अन्य मित्र भी भाजपा में शामिल होंगे। राजनीतिक जानकर मानते हैं कि भाजपा सिख समुदाय में पैठ बनाने के लिए लवली का इस्तेमाल करेगी। उनका यह भी मानना है कि भाजपा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में लवली को उम्मीदवार बना सकती है।

प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंदर सिंह लवली समेत सभी नेता अपनी भूमिका तय करने के लिए स्वतंत्र होंगे। पूर्व मंत्री राजकुमार चौहान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि वह पश्चिमी दिल्ली के बड़े नेता हैं, लेकिन उनका प्रभाव पूरी दिल्ली में है। इसी तरह नसीब सिंह पूर्वी दिल्ली के बड़े नेता हैं। उल्लेखनीय है कि अरविंदर सिंह लवली वर्ष 2017 में भाजपा में पहली बार शामिल हुए थे, लेकिन थोड़े ही दिन बाद यानी वर्ष 2018 में कांग्रेस में लौट गए थे।


समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली

News In Pics