आज दिल्ली हरियाणा सीमा (बॉर्डर) को एक बार फिर सील कर दिया गया है, जिसके कारण दिल्ली हरियाणा सीमा पर भारी जाम लग गया है।
हरियाणा सरकार ने पहले भी दिल्ली हरियाणा सीमा सील कर दी थी, जिसे 15 मई को हटा लिया गया था। कोरोना मामलों की संख्या लगातार बढ़ने के चलते हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने राज्य से लगी दिल्ली सीमा को पूरी तरह सील करने के आदेश जारी किये हैं।
हरियाणा में सिर्फ जरूरी सेवाओं के लिए ही जाने की अनुमति दी जा रही है। पैदल चलने वालों को भी जाने की इजाजत नहीं दी जा रही है। सीमा सील किये जाने के कारण सीमा पर काफी ट्रैफिक देखने को मिल रही है। इन सबके बीच लोगों में खासा आक्रोश दिख रहा है।
अनिल विज ने कल कहा था कि हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव 80 प्रतिशत मामले उन जिलों से हैं, जो दिल्ली के साथ सटे हुए हैं। इसलिए हम दिल्ली के साथ सटी सभी सीमाओं को सील कर रहे हैं।
गौरतलब है कि देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना संक्रमण के मामलों की संख्या 15 हजार के करीब पहुंच गई है। वहीं हरियाणा में अब तक कोरोना मामलों की संख्या 1400 के आस-पास है। राज्य में कोरोना के कारण 18 लोगों की मौत हो चुकी है।
समय लाइव डेस्क नई दिल्ली |
Tweet