दिल्ली : घर के अंदर दम्पति व दो बच्चों के शव मिले

December 1, 2021

समयपुर बादली के सिरसपुर स्थित एक घर के अंदर एक ही परिवार के चार सदस्यों का शव बरामद हुआ।

इनमें पति, पत्नी और दो बच्चों के शव थे। आशंका है कि परिवार के मुखिया ने पत्नी तथा बच्चों की हत्या करने के बाद खुदकुशी कर ली। घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट न मिलने के कारण वारदात की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है।

पुलिस का दावा है कि दंपति के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे और उनमें अनबन थी। छानबीन में पता चला कि तीन माह बाद कुछ दिन पहले महिला अपने मायके से वापस घर आई थी। केस दर्ज कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में अमित (30), उसकी पत्नी निक्की (25) दो बच्चे कार्तिक (3) और वंशिका (6) शामिल हैं।

जांच में पाया गया कि यूपी के बुलंदशहर के बडौली गांव निवासी अमित अपने परिवार के साथ सिरसपुर गांव में बाग वाली गली में किराए पर रहता था।

उसकी पत्नी निक्की  मेरठ के खरखौदा की रहने वाली थी। अमित अपने बड़े भाई सतीश के परिवार  के साथ रहता था। सतीश बादली इलाके में ही माली की नौकरी करता था।

मंगलवार सुबह पौने आठ बजे अमित के भाई सतीश ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। उसने यह बताया कि उसके भाई, उसकी पत्नी और बच्चों का शव घर में पड़ा है।

इस तरह की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।

पुलिस को अमित का शव पंखे से लटका मिला, जबकि निक्की तथा वंशिका सोफे पर और कार्तिक बिस्तर पर अचेत पड़े था। इनमें दोनों बच्चों के होठ नीले पड़े हुए थे और नाक और मुंह से झाग निकल रहा था।


सहारा न्यूज ब्यूरो
नई दिल्ली

News In Pics