Dellhi Rain : गर्मी में बारिश से दिल्ली एनसीआर में मौसम हुआ सुहाना

April 24, 2024

मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में अचानक मौसम बदल गया और आसमान में काले बादलों ने डेरा जमा लिया। देखते-देखते तेज आंधी के साथ बादलों ने बरसना शुरू कर दिया।

शाम साढ़े चार बजे मौसम बदला तो दिन में अंधेरा छा गया और सड़कों पर वाहन चालकों को लाइट जलानी पड़ी। तेज आंधी से कई पेड़ों की टहनियां टूट कर गिर गई। सड़कों पर पत्तियों की चादर बिछ गई। गर्मी से परेशान लोगों को सुहाना मौसम से बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंगलवार की शाम को दिल्ली के पालम इलाके में सबसे ज्यादा 9.5 मिमी बारिश हुई, जबकि इस दौरान मुंगेशपुर में 1.5, और जाफरपुर में 0.5 मिमी बारिश रिकार्ड किया गया। रिज और आयानगर समेत अन्य इलाको में भी बारिश होने की खबर है।

यहां का अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमानों में बुधवार को भी आसमान में बादल छाये रहने और 20 से 30 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई है।

अप्रैल में कब कितना दर्ज किया गया तापमान : मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2023 में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 14 अप्रैल को 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। 2022 में यह 43.5 डिग्री सेल्सियस था।

2021 में 42.2 एवं 2020 में 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। आंकड़ों के अनुसार, इस गर्मी के मौसम में अभी तक का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो 20 अप्रैल को दर्ज किया गया था।
 


समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली

News In Pics