इंडिया गठबंधन का गठन हुआ तो मैं प्रमुख नहीं था : लवली

April 30, 2024

आम आदमी पार्टी (आप) के नेता संजय सिंह द्वारा लोकसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच हुए गठजोड़ का श्रेय अरविंदर सिंह लवली को दिये जाने पर लवली ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है।

सनद रहे कि लवली ने कांग्रेस और आप के बीच हुए गठजोड़ की आलोचना करते हुए प्रदेश कांग्रेस प्रमुख पद से रविवार को इस्तीफा दे दिया था।    

संजय सिंह की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुये लवली ने कहा कि जब ‘इंडिया’ गठबंधन का गठन हुआ था, वह कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख नहीं थे। उन्होंने कहा कि जेल से बाहर आने के बाद से आप नेता ‘सदमे’ में हैं।

आप के राज्यसभा सदस्य सिंह ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस के साथ उनकी पार्टी के गठजोड़ का श्रेय लवली को भी जाता है।

कांग्रेस नेता लवली के अध्यक्ष पद से इस्तीफे के बारे में पूछे जाने पर सिंह ने कहा कि मैं यह जिम्मेदारी के साथ कहता हूं कि लवली ने कांग्रेस के साथ हमारे गठजोड़ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मुझे अब उनके विपरीत विचारों के कारणों की जानकारी नहीं है।


समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली

News In Pics