FIR Against Kejriwal: यमुना में जहर मिलाने के दावे पर हरियाणा में केजरीवाल के खिलाफ FIR दर्ज

February 5, 2025

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) के खिलाफ हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में एक पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है।

यह प्राथमिकी केजरीवाल द्वारा यमुना नदी के पानी को जहरीला बनाने के बारे में की गई एक टिप्पणी के कारण दर्ज की गई है। केजरीवाल ने दावा किया था कि हरियाणा सरकार ने यमुना नदी के पानी को गंदा और जहरीला बना दिया है।

कुरुक्षेत्र के शाहबाद थाने में केजरीवाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। जगमोहन मनचंदा नाम के एक शख्स ने केजरीवाल के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।

पुलिस ने इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 192, 196(1), 197(1), 248(ए) और 299 के तहत मामला दर्ज किया है।

यह घटनाक्रम दिल्ली विधानसभा के लिए बुधवार सुबह 7 बजे शुरू होने वाले मतदान से कुछ घंटे पहले हुआ है।

इससे पहले 29 जनवरी को हरियाणा के सोनीपत की एक अदालत ने आप संयोजक केजरीवाल के खिलाफ एक याचिका दायर करने के बाद उन्हें 17 फरवरी को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था। आप संयोजक ने भाजपा पर यमुना नदी में जहर मिलाने का आरोप लगाया है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि केजरीवाल ने "यमुना में जहर" संबंधी अपनी टिप्पणी से गलत सूचना फैलाई तथा दिल्ली और हरियाणा के निवासियों में दहशत पैदा की।

इससे पहले, हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि राज्य सरकार ने दिल्ली की जलापूर्ति के संबंध में अरविंद केजरीवाल के बयान पर कड़ा संज्ञान लिया है और उनके खिलाफ सोनीपत अदालत में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कराया है।

दरअसल अरविंद केजरीवाल ने बीते 27 जनवरी को आरोप लगाया था कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना के जरिए दिल्ली को सप्लाई किए जाने वाले पानी में जहर मिला दिया है।

केजरीवाल ने कहा था, "दिल्ली जल बोर्ड के इंजीनियरों का शुक्रिया, जिन्होंने इसे पकड़ा और पानी को रोक दिया, जिससे यह दिल्ली में नहीं आया। अगर वह पानी पीने के पानी में मिल जाता, तो बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता।"


आईएएनएस
नई दिल्ली

News In Pics