बेंगलुरु में लड़की को ‘अश्लील संदेश’ भेजने पर युवक से मारपीट, आठ लोग गिरफ्तार

July 7, 2025

बेंगलुरु के बाहरी इलाके में कॉलेज के एक छात्र का कथित तौर पर अपहरण करने के बाद उसे निर्वस्त्र कर बुरी तरह पीटने के मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह घटना बेंगलुरु के पास नेलमंगला तालुका के सोलदेवनहल्ली में 30 जून को हुई। पीड़ित छात्र कुशल ने कथित तौर पर एक लड़की को ‘अश्लील संदेश’ भेजा था जिसकी शिकायत लड़की ने अपने दोस्तों से की।

इसके बाद आरोपियों ने 30 जून को कुशल को एक कार में अगवा कर लिया और उसे एक सुनसान जगह पर ले गए जहां उसे निर्वस्त्र कर उससे मारपीट की गई।

आरोपियों ने कन्नड़ अभिनेता दर्शन एवं उनके सहयोगियों से जुड़े रेणुकास्वामी हत्या मामले का जिक्र किया और कुशल को उसी तरह जान से मारने की धमकी भी दी। उन्होंने ने मारपीट का वीडियो भी बनाया जो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है।

सोलदेवनहल्ली पुलिस ने मामला दर्ज कर आठ लोगों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने लूटपाट और अपहरण के आरोप में सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।’’


भाषा
बेंगलुरु

News In Pics