Weather News : UP के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी

April 15, 2024

पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के कई पूर्वी व पश्चिमी जिलों में बारिश हुई। इससे दिन के तापमान में 5.5 डिग्री और रात के तापमान में 2.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गयी। आंचलिक मौसम केन्द्र लखनऊ के पूर्वानुमान के मुताबिक सोमवार को भी पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी रहेगा।

इस वजह से प्रदेश के पूर्वी व पश्चिमी जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। लखनऊ में दिन का तापमान 39 डिग्री और रात का तापमान 23 डिग्री रहने की उम्मीद है।

लखनऊ में दिनभर बादलों की आवाजाही लगी रही। कभी धूप तो कभी छांव के बीच 15 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार हवाएं चलने से गर्मी से बड़ी राहत रही। यहां दिन का तापमान 37.7 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह लगभग सामान्य था। रात का तापमान 24.8 डिग्री रिकार्ड हुआ।

यह सामान्य से 4.2 डिग्री ऊपर था।  प्रदेश में रविवार को हरदोई, बरेली, मुरादाबाद और मेरठ सहित कई जिलों में बारिश हुई। मेरठ में सबसे अधिक 9.8 एमएम पानी बरसा। बारिश की वजह से मेरठ में दिन का तापमान 30.6 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से 5.5 डिग्री नीचे था।

इसके अलावा झांसी में दिन के तापमान में 3.6 डिग्री, मुरादाबाद में 3.4 डिग्री, बरेली में 3.2 डिग्री, नजीबाबाद में 2.1 डिग्री, इटावा व चुर्क में 2 डिग्री की गिरावट आयी।

इसके अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में 1.7 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गयी। शनिवार रात को बस्ती में सबसे कम 19.5 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 1 डिग्री नीचे था। जबकि फतेहगढ़ में सबसे अधिक 25.2 डिग्री रिकार्ड हुआ। यह सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस ऊपर था।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, हरदोई, फरुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, रायबरेली, कासगंज, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, महोबा तथा आसपास के क्षेत्रों में 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी।
 


समय लाइव डेस्क
लखनऊ

News In Pics