IPL 2024 : सनराइजर्स का रिकॉर्ड स्कोर मुंबई को 31 रन से हराया

March 28, 2024

चोटी के बल्लेबाजों की तूफानी पारियों के दम पर रिकॉर्ड स्कोर बनाने वाले सनराइजर्स हैदराबाद ने बुधवार को मुंबई इंडियंस को 31 रन से हराकर आईपीएल के वर्तमान सत्र में अपना जीत का खाता खोला।

सनराइजर्स ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद तीन विकेट पर 277 रन बनाए जो आईपीएल में नया रिकॉर्ड है। उसने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) के 2013 में पुणो वॉरियर्स के खिलाफ बनाए गए पांच विकेट पर 263 रन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा।

मुंबई की टीम ने भी कड़ी चुनौती पेश की लेकिन अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद उसकी टीम पांच विकेट पर 246 रन ही बना पाई। इस तरह से मैच में कुल 523 रन बने जो आईपीएल का रिकॉर्ड है। यही नहीं इस मैच में 38 छक्के लगे जो टी-20 क्रिकेट में नया रिकॉर्ड है।

सनराइजर्स की तरफ से ट्रैविस हेड ने 24 गेंद पर नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से 62 रन बनाए जबकि अभिषेक शर्मा ने 23 गेंद पर 63 रन बनाए जिसमें तीन चौके और सात छक्के शामिल है। इन दोनों के आउट होने के बाद हेनरिक क्लासेन (34 गेंद पर नाबाद 80 रन, चार चौके, सात छक्के) और एडेन मार्कराम (28 गेंद पर नाबाद 42, दो चौके, एक छक्का) ने 55 गेंद पर 116 रन की अटूट साझेदारी की।

मुंबई ने भी तेज शुरुआत की। उसकी तरफ से तिलक वर्मा ने 34 गेंद पर सर्वाधिक 64 रन बनाए जिसमें दो चौके और छह छक्के शामिल हैं।

टिम डेविड ने 22 गेंद पर नाबाद 42 रन बनाकर हार का अंतर कम किया। मुंबई ने भी पावर प्ले में दो विकेट पर 76 रन बनाए लेकिन इस बीच उसने दोनों सलामी बल्लेबाज ईशान किशन (13 गेंद पर 34 रन) और रोहित शर्मा (12 गेंद पर 26 रन) के विकेट गंवाए जिन्होंने परिस्थितियों के अनुरूप ताबड़तोड़ शुरुआत की।

रोहित ने अपनी पारी में तीन जबकि किशन ने चार छक्के लगाए।

मुंबई की टीम भी आठवें ओवर में 100 रन के पार पहुंचने में सफल रही। तिलक वर्मा ने शाहबाज अहमद के एक ओवर में तीन छक्के लगाए जिससे मुंबई 10 ओवर के बाद दो विकेट पर 141 रन बनाकर अच्छी स्थिति में था।

वर्मा ने जयदेव उनादकट पर चौका लगाकर 24 गेंद पर अपना अर्ध शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने नमन धीर (14 गेंद पर 30 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 86 रन की साझेदारी की।

 


भाषा
हैदराबाद

News In Pics