कोविड-19 : लॉजिस्टिक्स क्षेत्र बुरी तरह प्रभावित

March 28, 2020

कोरोनावायरस की महामारी ने भारत और वैश्विक स्तर पर लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को बुरी तरह प्रभावित किया है। बाजार के जानकारों का कहना है कि वैश्विक क्षमता में 70 फीसदी की गिरावट आई है और माल भाड़े में छह से आठ फीसदी की वृद्धि हुई है।

लॉजिस्टिक्स एक ऐसी प्रक्रिया है, जिसके अंतर्गत माल, सेवाओं या सूचनाओं को योजनाबद्ध तरीके से उसके उत्पत्ति वाले स्थान से उपयोग वाले स्थान पर भेजा जाता है।

भारत में 21 दिनों के लॉकडाउन के साथ इस सेक्टर में बहुत अधिक कठिनाइयां देखने को मिल सकती हैं।

लॉजीकोड टेक सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक, अंबरीश कुमार का मानना है कि लॉकडाउन आवश्यक तो है, मगर इससे अधिकांश व्यवसायों के काफी प्रभावित होने की संभावना है।उन्होंने कहा कि लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन सेक्टर भी प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा, अंतर्राष्ट्रीय उड़ानों के बंद होने के साथ हवाई मार्ग से सीमा पार व्यापार प्रभावित हुआ है।केवल कार्गो विमान ही चल रहे हैं।

कुमार ने बताया, कुल क्षमता में लगभग 70 प्रतिशत की कमी आई है।इससे वैश्विक मालभाड़े की दर सामान्य से लगभग छह से आठ गुना बढ़ गई है। यह और बढ़ने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के कारण आयात और निर्यात सहित दवाओं, चिकित्सा सामग्री, चिकित्सा उपकरण व सेनेटाइजर जैसी आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही भी प्रभावित हुई है, क्योंकि हवाई अड्डों और बंदरगाहों पर जनशक्ति कम हुई है।

इसके अलावा, राज्य की सीमाओं को बंद करने के कारण रोड ट्रांसपोर्ट्स माल को विनिर्माण इकाइयों से बंदरगाहों तक नहीं ला पा रहे हैं, जिससे कनेक्टिविटी प्रभावित हुई है। इसके अलावा वस्त्र, मोटर वाहन कल-पुर्जे, चमड़े के उत्पाद, घर के सामान और हस्तशिल्प जैसी अन्य अधिकांश व्यापारिक वस्तुओं का व्यापार बिल्कुल भी नहीं हो पा रहा है।


आईएएनएस

News In Pics