
पश्चिमी रूस में शनिवार रात में विस्फोटों के कारण दो पुल ढह गए और दो ट्रेन पटरी से उतर गईं। इनमें से एक घटना में सात लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने हालांकि विस्फोटों के कारणों के बारे में नहीं बताया।
यूक्रेन की सीमा से लगे ब्रायंस्क क्षेत्र में स्थित पहला पुल शनिवार को एक यात्री ट्रेन के ऊपर गिर गया, जिससे कई लोग हताहत हुए।
कुछ घंटे बाद, अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन की सीमा से लगे पास के कुर्स्क क्षेत्र में एक पुल के ढह जाने से दूसरी ट्रेन भी पटरी से उतर गई।
स्थानीय कार्यवाहक गवर्नर अलेक्जेंडर खिनशतेन ने रविवार को बताया कि विस्फोट के कारण पुल ढहने की इस दुर्घटना में एक मालगाड़ी पटरी से उतरकर सड़क पर गिर गई। उन्होंने बताया कि दुर्घटना के कारण आग लग गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ।
रूस की शीर्ष आपराधिक जांच एजेंसी ‘जांच समिति’ ने एक बयान में कहा कि विस्फोटों के कारण दो पुल ढह गए, लेकिन उसने और कोई विवरण नहीं दिया।
सरकारी एजेंसियों द्वारा ब्रांस्क क्षेत्र में घटनास्थल की पोस्ट की गई तस्वीरों में ट्रेन के डिब्बे बिखरे हुए और पुल के मलबे के बीच दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर मौजूद अन्य फुटेज जाहिर तौर पर सड़क पर चल रहे वाहनों के अंदर से लिए गए थे।
अतीत में, कुछ अधिकारियों ने यूक्रेन समर्थक तोड़फोड़ करने वालों पर रूस के रेलवे बुनियादी ढांचे पर हमला करने का आरोप लगाया है। हालांकि, ऐसी घटनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी सीमित है और स्वतंत्र रूप से सत्यापित नहीं की जा सकती है।
यूक्रेन की सैन्य खुफिया एजेंसी, जिसे यूक्रेनी संक्षिप्त नाम जीयूआर के नाम से जाना जाता है, ने रविवार को एक बयान में कहा कि भोजन और ईंधन ले जा रही एक रूसी सैन्य मालगाड़ी को क्रीमिया के रास्ते में उड़ा दिया गया।
इसने यह दावा नहीं किया कि हमला जीयूआर द्वारा किया गया या पुल के ढहने का उल्लेख नहीं किया। बयान में कहा गया है कि रूसी कब्जे वाले ज़ापोरिज्जिया क्षेत्र और क्रीमिया के साथ मास्को की प्रमुख सम्पर्क नष्ट हो गया है।
फरवरी 2022 में मास्को के आक्रमण के बाद से रूसी सेना पूर्वी यूक्रेन के जापोरिज्जिया क्षेत्र में आगे बढ़ रही है। उसने 2014 में क्रीमिया पर अपना नियंत्रण कर लिया था।
एपी मॉस्को |
Tweet