लेबनान के पूर्व वित्त मंत्री अमीन सलाम भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार

June 12, 2025

लेबनान के एक पूर्व कैबिनेट मंत्री को कथित वित्तीय अपराधों की जांच के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायिक और सुरक्षा अधिकारियों ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को यह जानकारी दी।

तीन न्यायिक अधिकारियों और एक सुरक्षा अधिकारी ने नाम न उजागर करने की शर्त पर बताया कि मंत्रालय के धन के अवैध इस्तेमाल और संदिग्ध अनुबंधों के संबंध में पूर्व वित्त मंत्री अमीन सलाम से तीन घंटे पूछताछ की गई जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। 

लेबनान अपनी अर्थव्यवस्था को सुधारने की कोशिश कर रहा है जो कई वर्षों से मुनाफाखोरी से जूझ रही है।

सलाम पर जालसाजी, गबन और सार्वजनिक धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया गया है। स्थानीय मीडिया ने खबरों में बताया कि यह मामला निजी बीमा कंपनियों से कथित जबरन वसूली और उन कंपनियों की निगरानी करने वाली समिति के धन का खुद के लिए इस्तेमाल करने से संबंधित है।

सलाम ने सीधे तौर पर कोई टिप्पणी नहीं की। हालांकि, सोमवार को उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया जिसमें उन्होंने इन खबरों का खंडन किया और कहा कि धन राशि का इस्तेमाल उन्होंने समिति की दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए किया था।

सलाम तीन साल से ज्यादा समय तक वित्त मंत्री रहे। उन्हें 2021 में ऐसे समय में नियुक्त किया गया था जब लेबनान की अर्थव्यवस्था चरमरा गई थी।


एपी
बेरूत

News In Pics