काफी मंथन के बाद शुक्रवार को महागठबंधन में सीटों का बंटवारा हो गया। इस चुनाव में राजद 26, कांग्रेस 9 और वामपंथी दल 5 सीटों पर लड़ेंगी।
बिहार में विपक्षी दलों के महागठबंधन ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य की 40 लोकसभा सीटों में से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 26 और कांग्रेस नौ सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
महागठबंधन की संयुक्त प्रेस वार्ता में राजद नेता अब्दुल बारी सिद्दीकी ने सीट बंटवारे की घोषणा करते हुए कहा कि राजद 26, कांग्रेस 9 और वामपंथी दल 5 सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। उन्होंने कहा कि सीपीआई के खाते में बेगूसराय सीट गई है, जबकि सीपीएम के खाते में खगड़िया सीट गई है।
सीपीआई (एमएल) आरा, काराकाट और नालंदा सीट पर अपने प्रत्याशी उतारेगी।
लोकसभा चुनाव 2024 | बिहार: राजद, कांग्रेस और वामपंथी नेताओं ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सीटों के बंटवारे की घोषणा की।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 29, 2024
राजद पूर्णिया और हाजीपुर समेत 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी। किशनगंज और पटना साहिब समेत 9 सीटों पर कांग्रेस अपने उम्मीदवार उतारेगी और 5 सीटों पर अन्य। pic.twitter.com/FySUclKvau
इसके अलावा राजद के खाते में गया, नवादा, जहानाबाद, औरंगाबाद, बक्सर, पाटलिपुत्र, मुंगेर, जमुई, बांका, वाल्मिकीनगर, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, वैशाली, सारण, सीवान, गोपालगंज, उजियारपुर, दरभंगा, मधुबनी, झंझारपुर, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया और हाजीपुर सीट गई है।
कांग्रेस के खाते में किशनगंज, कटिहार, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, पश्चिमी चंपारण, पटना साहिब, सासाराम और महाराजगंज सीट आई है।
घोषणा के अनुसार, कांग्रेस को पूर्णिया लोकसभा छोड़ने के लिए मजबूर किया गया जहां से राज्यसभा सदस्य रंजीत रंजन के पति पप्पू यादव को चुनाव लड़ने की उम्मीद थी। पप्पू यादव ने दावा किया है कि उन्हें राहुल गांधी तथा प्रियंका गांधी ने कांग्रेस से टिकट मिलने का आश्वासन दिया था।
राजद इस सीट पर चुनाव लड़ेगी जिसने हाल ही में जनता दल(यूनाइटेड) से उसके खेमे में शामिल हुई बीमा भारती को टिकट दे दिया है लेकिन इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की थी।
महागठबंधन ने सीटों के बंटवारे की घोषणा तब की है जब एक दिन पहले लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समय सीमा समाप्त हो गयी है।
राजद ने उन सभी चार सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किए हैं जहां पहले चरण में मतदान होना है। इस पर उसके सहयोगी दलों ने नाराजगी जताते हुए इसे ‘‘एकतरफा कदम’’ बताया था।
यहां महागठबंधन के संवाददाता सम्मेलन को राजद नेता तेजस्वी यादव को संबोधित करना था लेकिन वह अनुपस्थित रहे।
राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सदस्य मनोज झा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उन सीटों पर जल्द ही उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जाएंगे जहां अभी तक नामों की घोषणा नहीं की गयी है।
गौरतलब है कि भाकपा और माकपा भी क्रमश: बेगूसराय और खगड़िया से पहले ही अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर चुके हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और अन्य सहयोगी दलों के नेताओं की मौजूदगी में झा ने कहा, ‘‘हमने सर्वसम्मति से एक फैसला लिया है और हम जीत दर्ज करेंगे।’’
आईएएनएस/भाषा पटना |
Tweet