BJP में टिकट कटते नहीं मिलते हैं : बांसुरी

May 21, 2024

नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से BJP उम्मीदवार बांसुरी स्वराज (Bansuri Swaraj) को किस परिस्थिति में टिकट मिला, परिवारवाद जैसे मुद्दों पर हमारे संवाददाता राजेश तिवारी के साथ बातचीत के प्रमुख अंश।

► पार्टी ने दो बार के सांसद का टिकट काटकरआपको दिया है, ऐसे में आप अपनी जिम्मेदारी को कैसे पूरी करेंगी?

हमारे यहां टिकट कटते नहीं हैं, मिलते हैं। हमारे संगठन में दायित्व होते हैं, पद नहीं। हम सभी एक ही परिवार हैं, सभी मिलकर अपने दायित्यों का निवर्हन करते हैं।

► नई दिल्ली देश में सबसे पढ़े-लिखे मतदाताओं वाली सीट मानी जाती है। इसने देश को कई प्रधानमंत्री दिए हैं, ऐसे में मतदाताओं की उम्मीदों पर आप कैसे खरा उतरेंगी?

मैं जनता के सुख-दुख में साथ रहकर उनकी साथी बनूंगी। मैं उनकी हर समस्या के निवारण के लिए प्रतिबद्ध हूं।  मैं मोदीजी की कई योजनाओं से बहुत प्रभावित हूं। इसमें स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया और लखपति दीदी। इन सभी योजनाओं पर मैं काम करूंगी। इसमें युवाओं और महिला शक्ति पर प्रमुख रूप से फोकस करूंगी। इससे महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी और उनका आत्मसम्मान भी बढ़ेगा। मेरी कोशिश होगी कि नई दिल्ली के लोगों को भी इसका लाभ मिले।

► नई दिल्ली में एक तरफ कनॉट प्लेस तो दूसरी तरफ गांव एवं झुग्गी बस्ती भी हैं, इनके बीच विकास का समन्वय कैसे बनाएंगी?

झुग्गी बस्ती के विकास को लेकर विकास का पूरा रोडमैप है। उनकी समस्याओं को लेकर हमारी सरकार ने पहले ही बहुत काम किया है। पूरी दिल्ली में ‘जहां झुग्गी, वहीं मकान’ योजना पर तेजी से काम चल रहा है। मेरी कोशिश होगी कि झुग्गी बस्ती और गांव में रहने वालों को उच्च स्तरीय सुविधाएं मिलें, मैं पूरा प्रयास करूंगी कि लोगों को बेहतर सुविधाएं मुहैया करा सकूं। एक विकसित भारत के साथ एक विकसित नई दिल्ली मेरा संकल्प है।

► कार्यकर्ताओं में आम चर्चा है कि यह टिकट आपको अपनी मां की वजह से मिला है, ये भी तो परिवारवाद है?

यह इत्तेफाक की बात है कि यह टिकट मुझे मिला है। मैं तो केवल कमल का फूल हूं। यह टिकट नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के देवतुल्य कार्यकर्ताओं का टिकट है।


समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली

News In Pics