Bihar Election: चुनाव से पहले RJD महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष प्रतिमा कुशवाहा BJP में हुई शामिल, कहा- लालू की पार्टी अब पहले जैसी नहीं रही

October 25, 2025

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय जनता दल (RJD) को झटका देते हुए प्रतिमा कुशवाहा शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं।

भाजपा में शामिल होने के बाद राजद की राज्य महिला प्रकोष्ठ की पूर्व प्रमुख प्रतिमा कुशवाहा ने आरोप लगाया कि राजद में जमीनी कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिलता व यह विपक्षी पार्टी ‘गंभीर रूप से बंटी हुई’ है।

भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। ⁠

जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि राजद और कांग्रेस में ‘‘वंशवाद और परिवारवाद’’ इस कदर हावी है कि उनके नेता खुद को हताश महसूस कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया, ‘‘इसी वजह से कई नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं।’’

जायसवाल ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में इस बार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) दो-तिहाई बहुमत के साथ बिहार में सरकार बनाएगा।

राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव के कामकाज के तौर-तरीकों का उल्लेख करते हुए प्रतिमा कुशवाहा ने कहा कि पार्टी अब वैसी नहीं रही जैसी पहले हुआ करती थी। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘राजद में जमीनी नेताओं का सम्मान नहीं होता। पार्टी और उसका नेतृत्व करने वाला परिवार, दोनों ही बुरी तरह बंट चुके हैं।’’

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री रहते हुए तेजस्वी यादव ने युवाओं को नौकरी देने का दावा किया था, ‘‘लेकिन राजद ने नौकरी तो दी, पर लोगों की जमीन लेकर।’’ यह टिप्पणी कथित घोटाले ‘जमीन के बदले नौकरी’ की ओर इशारा थी।

तेजस्वी पर आरक्षण संबंधी दावों को लेकर तंज करते हुए कुशवाहा ने कहा, ‘‘उन्होंने सिर्फ अपने परिवार को आरक्षण दिया है। असली आरक्षण महिलाओं और पिछड़े वर्गों को राजग सरकार ने दिया है।’’
 


भाषा
पटना

News In Pics
cached