
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 75वें जन्मदिन पर बुधवार को ओडिशा सरकार ने राज्य की ओर से कृतज्ञता व्यक्त करते हुए एक करोड़ से अधिक पौधे लगाए।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बुधवार को 75 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य दोपहर 1.33 बजे पूरा हो गया।
माझी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "आज दोपहर 2.16 बजे तक हमारे सामूहिक प्रयासों से 1,00,21,236 पौधे सफलतापूर्वक लगाए जा चुके हैं। इस अभियान में शामिल सभी लोगों का हार्दिक आभार और बधाई।"
राज्य के 30 जिलों में दोपहर 2.16 बजे तक 41,080 स्थानों पर कुल 1,00,21,236 पौधे रोपे गए। मुख्यमंत्री ने बताया कि सुंदरगढ़ जिले में सबसे ज्यादा 9,68,440 पौधे रोपे गए, उसके बाद कोरापुट में 8,59,237 और क्योंझर में 7,87,398 पौधे रोपे गए।
एक अधिकारी ने बताया कि उद्योगों और सशस्त्र बलों सहित लगभग 25 लाख लोगों ने भी इसे संभव बनाया।
माझी ने कहा, "आज जो पेड़ लगाए जा रहे हैं - प्रत्येक पेड़ हरित और सुंदर ओडिशा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। प्रत्येक पेड़ मोदी जी के ओडिशा के प्रति स्नेह, सम्मान और राज्य के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता के प्रति आभार व्यक्त करता है। आज के अभियान ने पर्यावरण के लिए हमारे पूरे समाज को एकजुट किया है।"
साथ ही उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में यह अभियान और भी व्यापक होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका पर्यावरण पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और यह मोदी जी के नेतृत्व और संकल्प के साथ-साथ हमारी भावी पीढ़ियों की सुरक्षा के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भी दर्शाएगा।
वन विभाग के एक अधिकारी ने बताया, "पौधरोपण की तस्वीरें और वीडियो 'मेरी लाइफ' पोर्टल पर ‘अपलोड’ किए जा रहे हैं। पोर्टल के माध्यम से पौधरोपण की प्रगति पर आसानी से नजर रखी जा रही है। सभी प्रतिभागियों से अनुरोध है कि वे अपनी पौधरोपण गतिविधियों की तस्वीरें पोर्टल पर अपलोड करें।" उन्होंने बताया कि यह पौधरोपण अभियान 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान-2 के तहत चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी एकमरा कॉलेज परिसर में 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम में शामिल हुए, वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस अवसर पर संबलपुर स्थित सैनिक स्कूल परिसर में पौधरोपण किया। उन्होंने कहा कि 'सेवा पक्ष' के दौरान संबलपुर में साढ़े चार लाख से ज्यादा पौधे लगाए जाएंगे।
भाजपा उपाध्यक्ष एवं सांसद बैजयंत पांडा केन्द्रपाड़ा जिले के समुद्र तटीय गांव पेंथा में पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस बीच माझी ने मोदी के 75वें जन्मदिन के अवसर पर भुवनेश्वर के मास्टर कैंटीन क्षेत्र में 'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के तहत स्वच्छता अभियान में भी भाग लिया।
ओडिशा भाजपा अध्यक्ष मनमोहन सामल और राज्य भाजपा प्रभारी विजयपाल सिंह तोमर सहित वरिष्ठ भाजपा नेता भी इस अभियान में शामिल हुए और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सड़कों की सफाई की।
माझी ने 17 सितंबर को 'राष्ट्रीय गौरव' का क्षण बताया और मोदी की राज्य की पिछली यात्रा को याद किया।
माझी ने कहा, "पिछले साल इसी दिन प्रधानमंत्री ने ओडिशा के गडकाना इलाके में एक आदिवासी महिला द्वारा बनाई गई खीर खाकर अपना जन्मदिन मनाया था। उन्होंने इसी दिन 'सुभद्रा योजना' का भी शुभारंभ किया था।"
उन्होंने कहा कि 'एक पेड़ मां के नाम' और 'स्वच्छता ही सेवा' जैसे अभियान स्वच्छ पर्यावरण, महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के सरकार के दृष्टिकोण को दर्शाते हैं।
भाषा भुवनेश्वर |
Tweet