उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी - PRD) के जवानों का मानदेय 500 रुपए प्रतिदिन करने की घोषणा की।
आदित्यनाथ ने ‘लोकभवन’ के सभागार में स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित ‘राष्ट्रीय युवा दिवस’ पर यह घोषणा की।
आदित्यनाथ ने पीआरडी के 35 हजार से अधिक जवानों का मानदेय प्रतिदिन 500 रुपए करने की घोषणा की। इन जवानों को फिलहाल 395 रुपए प्रतिदिन मिल रहे थे। इस दल की स्थापना 1948 में की गई थी।
उन्होंने कहा, ‘स्वामी विवेकानंद भारत माता के ऐसे सपूत थे, जिन्होंने भारत की प्राचीन आध्यात्मिक संस्कृति को वैश्विक मंच तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था।’
आदित्यनाथ ने कहा, ‘उन्होंने 1893 में शिकागो समिट के जरिये दुनिया को भारत के महत्व, यहां की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताया था।
स्वामी विवेकानंद अक्सर कहा करते थे कि जितनी बड़ी चुनौती हो, जीत उतनी ही शानदार होती है।’
मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं के लिए प्रेरणा करार देते हुए कहा कि उनकी इसी प्रेरणा को आत्मसात करके युवा आगे बढ़ रहे हैं।
समयलाइव डेस्क लखनऊ |
Tweet