नई लोकसभा का पहला सत्र आज से, नवनिर्वाचित सदस्यों को दिलाई जाएगी शपथ

June 24, 2024

अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र सोमवार से शुरू हो रहा है, जिसमें नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। इसके बाद 26 जून को लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा और 27 जून को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी।

भाजपा नेता एवं सात बार के सांसद भर्तृहरि महताब को संसद के निचले सदन का प्रोटेम स्पीकर नियुक्त किए जाने के कारण सत्र के दौरान लोकसभा में शोरगुल होने के आसार हैं।

महताब को प्रोटेम स्पीकर बनाए जाने की विपक्ष ने कड़ी आलोचना की है और आरोप लगाया है कि सरकार ने इस पद के लिए कांग्रेस सांसद के. सुरेश के दावे की अनदेखी की।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा है कि महताब लगातार सात बार के लोकसभा सदस्य हैं, जिससे वह इस पद के लिए उपयुक्त हैं।

उन्होंने कहा, सुरेश 1998 और 2004 में चुनाव हार गए थे, जिस कारण उनका मौजूदा कार्यकाल निचले सदन में लगातार चौथा कार्यकाल है। लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव बुधवार को होगा।

कब क्या होगा

►  राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राष्ट्रपति भवन में भर्तृहरि महताब को लोकसभा के प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाएंगी।
►  इसके बाद महताब संसद भवन पहुंचेंगे और पूर्वाह्न 11 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू करेंगे।
►  कार्यवाही की शुरुआत में कुछ क्षणों के लिए मौन रखा जाएगा।
►  फिर लोकसभा महासचिव उत्पल कुमार सिंह निचले सदन के लिए निर्वाचित सदस्यों की सूची सदन के पटल पर रखेंगे।
►  महताब लोकसभा के नेता प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सदन की सदस्यता की शपथ लेने का आग्रह करेंगे।
 


समय लाइव डेस्क
नई दिल्ली

News In Pics