इंग्लैंड विश्व कप फुटबॉल में जगह बनाने वाला पहला यूरोपीय देश बना

October 16, 2025

इंग्लैंड अगले साल होने वाले फुटबॉल विश्व कप में जगह बनाने वाला यूरोप का पहला देश बन गया है लेकिन क्रिस्टियानो रोनाल्डो और पुर्तगाल को हंगरी के खिलाफ इंजरी टाइम में गोल गंवाने के कारण अपना टिकट बुक करने के लिए इंतजार करना होगा।

इंग्लैंड ने लाटविया पर 5-0 से जीत हासिल की, जिसमें कप्तान हैरी केन ने पहले हाफ में दो गोल किए।

 इससे इंग्लैंड ने दो मैच शेष रहते अपने ग्रुप में पहला स्थान पक्का कर लिया। इंग्लैंड इस तरह से लगातार आठवें विश्व कप में भाग लेगा। इंग्लैंड की टीम ने जर्मन कोच थॉमस ट्यूशेल के मार्गदर्शन में अब तक क्वालीफाइंग के छह मैचों में एक भी गोल नहीं खाया है।

केन ने मैच के बाद कहा, ‘कभी-कभी यह आसान बन जाता है लेकिन क्वालीफाई करना मुश्किल भी हो सकता था। हम किसी भी टीम के खिलाफ खेलें, हम हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं।’

उधर लिस्बन में खेले गए मैच में 40 वर्षीय रोनाल्डो के दो गोल की बदौलत पुर्तगाल ने हंगरी पर 2-1 की बढ़त बना ली थी और वह अगले साल अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में होने वाले विश्व कप में जगह बनाने के बेहद करीब पहुंच गया था।

इस मैच में जीत से पुर्तगाल का अपने ग्रुप में पहला स्थान पक्का हो जाता, लेकिन डोमिनिक सोबोस्ज़लाई ने इंजरी टाइम के पहले मिनट में गोल करके स्कोर 2-2 कर दिया। इससे रोनाल्डो और पुर्तगाल का विश्व कप में जगह सुरक्षित करने का इंतजार बढ़ गया। रोनाल्डो विश्व कप क्वालीफायर में सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।

उनके नाम पर अब 41 गोल दर्ज हो गए हैं। उन्होंने ग्वाटेमाला के खिलाड़ी कालरेस रुइज़ (39 गोल) को पीछे छोड़ा। पिछले दो विश्व कप में जगह बनाने में नाकाम रहने वाले इटली ने इजरायल को 3-0 से हराकर कम से कम प्लेऑफ में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।

इटली की टीम अभी अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। वह नॉव्रे से तीन अंक पीछे है, जिसका गोल अंतर कहीं बेहतर है। स्पेन ने बुल्गारिया को 4-0 से हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है।


एपी
लंदन

News In Pics